सदन में संग्राम, समाधान की तलाश; राहुल-रिजिजू की मुलाकात पर टिकी नजरें

हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच जारी टकराव बुधवार को भी खत्म नहीं हुआ। अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष ने दोनों सदनों में जोरदार हंगामा किया। लगातार शोर-शराबे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। विपक्षी दल इन दोनों मुद्दों पर सदन में चर्चा कराने और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बयान देने की मांग कर रहे हैं। गतिरोध समाप्त करने की कोशिशों के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की मुलाकात भी हुई।
वहीं आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने नियम 267 के तहत एक नोटिस दिया है, जिसमें ई 20 पेट्रोल को अनिवार्य रूप से लागू करने से पैदा हुए जन-आक्रोश और उपभोक्ता अधिकारों के मुद्दों पर चर्चा की मांग की गई है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में ‘स्थगन प्रस्ताव’ का नोटिस दिया है। वे एक ऐसे नए ‘दल-बदल विरोधी कानून’ के स्वरूप पर चर्चा करना चाहते हैं जो अवसरवाद के कारण होने वाले बड़े पैमाने पर राजनीतिक दल-बदल को रोके, खासकर तब जब इसके पीछे कोई वास्तविक वैचारिक या नीतिगत मतभेद न हों।
इससे पहले मंगलवार को भी दोनों सदनों में विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही बार-बार बाधित रही। हालांकि शोर-शराबे के बीच लोकसभा ने विनियोग (संख्यांक-3) विधेयक, 2026 को बिना चर्चा के ध्वनिमत से पारित कर दिया, जबकि राज्यसभा ने संक्षिप्त चर्चा के बाद जन्म और मृत्यु का पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 को मंजूरी दे दी। इसके बावजूद विपक्ष के विरोध के चलते राज्यसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित होने के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित करनी पड़ी।
जान बूझकर विपक्ष सदन को चलने नहीं दे रहा-जगदंबिका पाल
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर कहा, “विपक्ष प्रदर्शन क्यों कर रहा है? 13 दिन से रांची में जेपीएससी पेपर लीक को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं, अभी तक उनके मुख्यमंत्री ने उनसे बात तक नहीं की है। उस पर राहुल गांधी और पूरा विपक्ष चुप है। यहां तो छात्रों के हितों पर प्रधानमंत्री और 2-2 वरिष्ठ मंत्रियों ने बात की और मांग को मान लिया गया…जान बूझकर विपक्ष सदन को चलने नहीं दे रहा है।”
गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक विपक्षी सांसदों का मार्च
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसदों के साथ 20 जुलाई को सीजेपी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस एक्शन, अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी और अन्य मुद्दों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विरोध में प्रेरणा स्थल पर गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च करेंगे।



