महापौर रामू रोहरा का कांग्रेस पर पलटवार, बोले—झूठ और सनसनी फैलाकर जनता को भ्रमित करने की राजनीति कर रही कांग्रेस
चुनाव आयोग पर आरोप लगाने से पहले राहुल गांधी तथ्यों को परखें : रामू रोहरा
महापौर रामू रोहरा का कांग्रेस पर पलटवार, बोले—झूठ और सनसनी फैलाकर जनता को भ्रमित करने की राजनीति कर रही कांग्रेस
चुनाव आयोग पर आरोप लगाने से पहले राहुल गांधी तथ्यों को परखें : रामू रोहरा
धमतरी- नगर निगम कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में महापौर रामू रोहरा ने कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कांग्रेस पर बिना ठोस तथ्यों के आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
महापौर रोहरा ने कहा कि चुनाव आयोग देश की चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी संवैधानिक संस्था है। यदि किसी मतदाता सूची, ईवीएम या चुनावी प्रक्रिया को लेकर आपत्ति है तो उसे निर्धारित संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत तथ्यों एवं प्रमाणों के साथ सामने रखना चाहिए। केवल राजनीतिक बयानबाजी के माध्यम से गंभीर आरोप लगाने से लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास पर असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव परिणामों को लेकर आत्ममंथन करना चाहिए। चुनाव में जीत और हार लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। परिणाम अपने पक्ष में आने पर चुनाव प्रक्रिया सही और विपरीत परिणाम आने पर संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है—ऐसी स्थिति से बचने की जरूरत है।
विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करे कांग्रेस
रामू रोहरा ने कहा कि कांग्रेस को आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से आगे बढ़कर शहर के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धमतरी में नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान जिला भाजपा मीडिया प्रभारी उमेश साहू और पार्षद मेघराज ठाकुर भी उपस्थित रहे।
लक्ष्य साहू की स्मृति में बनेगा ‘लक्ष्य सेतु’
महापौर रामू रोहरा ने एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि सोरिद वार्ड में प्रस्तावित नए पुल का नाम ‘लक्ष्य सेतु’ रखने का प्रस्ताव नगर निगम की एमआईसी एवं सामान्य सभा की बैठक में रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि नाले में करीब 7 वर्षीय बालक लक्ष्य साहू के डूबने की घटना ने सभी को झकझोर दिया था। बालक की स्मृति को स्थायी रूप से संजोने और परिवार की भावनाओं के सम्मान के उद्देश्य से प्रस्तावित पुल का नाम ‘लक्ष्य सेतु’ रखने का निर्णय लिया गया है।
महापौर ने कहा कि पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यह सेतु उस मासूम बच्चे की स्मृति का प्रतीक भी बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम द्वारा जरूरत के अनुसार क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।
प्रेसवार्ता में महापौर ने राजनीतिक आरोपों के साथ-साथ शहर के विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से सामने रखा।



