छत्तीसगढ़ पहुंचे बीजेपी के नवनियुक्त संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, कल होगी अहम संगठनात्मक बैठक

छत्तीसगढ़ पहुंचे बीजेपी के नवनियुक्त संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, कल होगी अहम संगठनात्मक बैठक
रायपुर। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे। संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभालने के बाद राजधानी रायपुर का यह उनका पहला बड़ा संगठनात्मक दौरा है। जशपुर के लोदाम टोल प्लाजा पर छत्तीसगढ़ भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। लोदाम टोल प्लाजा पर मंत्री राजेश अग्रवाल और प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कर्मवीर सिंह का स्वागत किया। इस दौरान झारखंड के निवर्तमान संगठन महामंत्री पवन साय भी मौजूद रहे।
कर्मवीर सिंह के रायपुर पहुंचने के बाद रविवार सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा सभी जिलाध्यक्ष और संभाग प्रभारी शामिल होंगे। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान सहित पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा आगामी कार्ययोजना को लेकर पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जा सकता है।
नए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और निवर्तमान संगठन महामंत्री पवन साय की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक को संगठनात्मक बदलाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के दौरान जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हो सकती है। वहीं, कर्मवीर सिंह के सांसदों और विधायकों के साथ अलग बैठक करने की भी संभावना है। इस बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, क्षेत्रीय गतिविधियों और पार्टी संगठन से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हो सकता है।



