कुश्ती हमारी गौरवशाली परंपरा, इसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी – पंडित राजेश शर्मा
प्रदेश स्तरीय महिला-पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंडित राजेश शर्मा, विजेता पहलवानों को किया पुरस्कृत

कुश्ती हमारी गौरवशाली परंपरा, इसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी – पंडित राजेश शर्मा
प्रदेश स्तरीय महिला-पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंडित राजेश शर्मा, विजेता पहलवानों को किया पुरस्कृत
विजय यादव एवं लक्ष्मण साहू ने खेल, योग और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पंडित राजेश शर्मा के योगदान की सराहना की
धमतरी। जय बजरंग अखाड़ा धमतरी के तत्वावधान में गोकुलपुर स्थित सत्संग प्रांगण में आयोजित प्रदेश स्तरीय महिला-पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति स्थायी आमंत्रित सदस्य, धर्मप्रेमी एवं समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता पहलवानों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति एवं जय बजरंग अखाड़ा के सदस्यों ने पंडित राजेश शर्मा का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया

अपने उद्बोधन में पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीन और गौरवशाली खेल परंपरा है। इसे संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कुश्ती केवल शारीरिक ताकत का खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, संयम, संघर्ष और आत्मबल का प्रतीक है। यह युवाओं को स्वस्थ, आत्मविश्वासी और चुनौतियों का सामना करने के लिए मजबूत बनाती है।

उन्होंने कहा कि धमतरी जिले के पहलवानों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण से प्रदेश स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। विशेष रूप से लक्ष्मण साहू पहलवान को हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाना उनकी वर्षों की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का सम्मान है। यह उपलब्धि पूरे धमतरी जिले के लिए गौरव का विषय है।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में पंडित राजेश शर्मा की अग्रणी विजय यादव
इस अवसर पर जय बजरंग अखाड़ा के अध्यक्ष पहलवान विजय यादव ने पंडित राजेश शर्मा के सामाजिक एवं खेलों के प्रति योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पंडित राजेश शर्मा ने हिंदुत्व, सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस सहित छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों एवं विभिन्न खेल विधाओं की अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन उनके मार्गदर्शन और सहयोग से होता रहा है। इन आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल को प्रोत्साहित करने में भी पंडित राजेश शर्मा का हमेशा सहयोग मिलता रहा है। जय बजरंग अखाड़ा सहित कुश्ती से जुड़े खिलाड़ियों और खेल संस्थाओं का उत्साहवर्धन कर वे इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
हजारों लोगों की सहभागिता वाले योग आयोजनों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता
वहीं क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष एवं पहलवान लक्ष्मण साहू ने कहा कि पंडित राजेश शर्मा केवल खेल प्रतियोगिताओं तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि योग और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहते हैं। उनके द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रतिवर्ष वृहद स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें हजारों की संख्या में नागरिक, युवा एवं गणमान्यजन शामिल होकर सामूहिक योगाभ्यास करते हैं

उन्होंने कहा कि खेलों के आयोजन से लेकर योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने तक पंडित राजेश शर्मा का योगदान सराहनीय है। वे विभिन्न खेल संस्थाओं एवं संगठनों को आगे बढ़ाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करते रहे हैं। धर्म, संस्कृति, समाजसेवा और खेलों के प्रति उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

पंडित राजेश शर्मा ने जय बजरंग अखाड़ा के आयोजकों एवं युवा साथियों की सराहना करते हुए कहा कि पारंपरिक खेलों को संरक्षित करना और नई पीढ़ी को उनसे जोड़ना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि धमतरी में कुश्ती की इस गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे महिला एवं पुरुष पहलवानों ने प्रतियोगिता में अपने दमखम, तकनीक और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और खेल भावना का माहौल देखने को मिला

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती अध्यक्ष लक्ष्मण साहू, पूर्व खेल प्रशिक्षक ए.आर. थीटे, भगवान यादव, विकास शर्मा, बबलू यादव, पार्षद हिमानी साहू, गोकुलपुर वार्ड पार्षद गजेंद्र कंवर, पार्षद ईश्वर सोनकर, रामपुर पार्षद प्रकाश सिन्हा, मेघराज यदु, नुमेश यादव, मनोज साहू, पुरुषोत्तम यदु, टिक्की निर्मलकर सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे कुश्ती प्रशिक्षक, पहलवान, खेलप्रेमी एवं शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



