धान खरीदी केंद्र अछोटा का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया आकस्मिक निरीक्षण
किसानों से किया सीधा संवाद, खरीदी व्यवस्था को सुगम एवं पारदर्शी बनाने दिए निर्देश

धान खरीदी केंद्र अछोटा का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया आकस्मिक निरीक्षण
किसानों से किया सीधा संवाद, खरीदी व्यवस्था को सुगम एवं पारदर्शी बनाने दिए निर्देश
धमतरी, जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने धान खरीदी केंद्र अछोटा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में धान खरीदी व्यवस्था, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पंजीयन, टोकन एवं उपार्जन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से सीधे संवाद कर खरीदी व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने एग्रीस्टेक पंजीयन, टोकन प्राप्त करने और धान विक्रय की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। साथ ही किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा खरीदी केंद्र में पेयजल, बैठने सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने किसानों को शासन की कृषक उन्नति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि शासन किसानों की आर्थिक उन्नति और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने किसानों को सुझाव दिया कि पतले धान का विक्रय करने से पहले मंडी में मिलने वाले मूल्य की जानकारी अवश्य लें। यदि मंडी में पतले धान का बेहतर मूल्य मिलने की संभावना हो तो किसान वहां विक्रय के विकल्प पर भी विचार कर सकते हैं।
इसके पश्चात कलेक्टर ने मंडी बोर्ड द्वारा निर्माणाधीन गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी, जिला खाद्य अधिकारी बसंत कोर्राम, सहकारी समिति के उप संचालक प्रदीप ठाकुर, मार्कफेड के सुनील सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


