असामयिक बारिश की आशंका को देखते हुए धान की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
खुले में रखे धान को बारिश से बचाने के लिए कैप कवर, तिरपाल और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

असामयिक बारिश की आशंका को देखते हुए धान की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
खुले में रखे धान को बारिश से बचाने के लिए कैप कवर, तिरपाल और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
धमतरी, 20 नवंबर 2026। जिले में असामयिक बारिश (चक्रवात अकवन) की संभावना को देखते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में भंडारित धान की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने गुरुवार देर शाम जिले के सभी एसडीएम, धान खरीदी केंद्रों के लिए नियुक्त जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों, जिला खाद्य अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बेमौसम बारिश से धान को किसी भी प्रकार का नुकसान न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सभी धान खरीदी केंद्रों में खरीदे गए धान की व्यवस्थित स्टैकिंग कर उसे कैप कवर एवं तिरपाल से अच्छी तरह ढका जाए। सभी केंद्रों में पर्याप्त संख्या में कैप कवर उपलब्ध रहें। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं निगरानी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को धान उपार्जन केंद्र प्रभारियों एवं नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के कारण धान खराब नहीं होना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक केंद्र में ड्रेनेज की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए तथा बारिश का पानी जमा न हो, इसके लिए पानी निकासी के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
इसके अलावा कलेक्टर ने ऐसे धान खरीदी केंद्रों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जहां से धान का उठाव पहले किया जाना है, ताकि प्राथमिकता के आधार पर धान का उठाव कराया जा सके।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।


