
रायपुर/रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायगढ़ की विशाल विजय संकल्प रैली में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा है कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ के विकास में बाधक बनी हुई है और हवा-हवाई बातों में जुटी रहती है। कांग्रेस छत्तीसगढ़ का उपयोग एटीएम की तरह कर रही है।
अपने छत्तीसगढ़ प्रवास में प्रधानमंत्री मोदी ने रायगढ़ के कोड़ातराई में भाजपा की विजय शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों के बाद छत्तीसगढ़ की पहचान आज विकास कार्यों की वजह से हो रही है। दिल्ली की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है, लेकिन यहां जो कांग्रेस की सरकार है, वह विकास के काम में नहीं बल्कि सिर्फ हवा-हवाई बातें और दावों में जुटी रहती है। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के न होने का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। जब से भाजपा सरकार गई और जब से कांग्रेस की सरकार बनी है, सबसे बड़ा नुकसान छत्तीसगढ़ के भाई और बहनों को हुआ है, छत्तीसगढ़ के नौजवानों को उठाना पड़ा है। केंद्र की भाजपा सरकार बीते 9 वर्षों में देशभर के गरीब परिवारों को करीब चार करोड़ घर देना चाहती थी, हम चाहते थे कि छत्तीसगढ़ के भी गरीब परिवारों को पीएम आवास योजना का लाभ मिले, लेकिन कांग्रेस की सरकार यहां छत्तीसगढ़ के गरीबों के पक्के घर नहीं बनने दे रही है। महिला कल्याण हो, पीएम सम्मान निधि योजना हो, हर घर जल योजना हो, गरीब कल्याण से लेकर युवा कौशल और रोजगार की हर योजना में कांग्रेस ने यहां की सरकार ने छत्तीसगढ़ को बहुत पीछे पहुंचा दिया है। श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस जिस तरह घोटाले की राजनीति करती है, उससे सिर्फ अपने नेताओं की तिजोरी भरती है। गरीब के कल्याण में भले पीछे हो, लेकिन भ्रष्टाचार में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार लगातार आगे बढ़ रही है। मैं तो सोच भी नहीं सकता हूं, देशवासी भी सोच नहीं सकते, गरीब से गरीब इंसान भी सोच नहीं सकता, आप कल्पना करिए अगर कोई गाय के गोबर में भी भ्रष्टाचार करे तो उसकी मानसिकता क्या होगी? छत्तीसगढ़ की बहनों से वादा तो किया था शराबबंदी का, लेकिन कांग्रेस ने शराब की बिक्री में भी घोटाला कर दिया। छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से संपन्न है। केंद्र की भाजपा सरकार ने डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड योजना बनाई जिसमें जिन जिलों में खनिज संपदा निकलती है, इसका एक हिस्सा उसी क्षेत्र में विकास के लिए खर्च किया जाए। हम चाहते थे कि हमारे आदिवासी भाइयों-बहनों को इसका सबसे ज्यादा लाभ मिले लेकिन यहां की भ्रष्टाचार भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार ने उसको भी नहीं छोड़ा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा को लूटकर कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ को कांग्रेस के एटीएम की तरह उपयोग किया। झूठा प्रचार और आकंठ भ्रष्टाचार, यही छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार की पहचान है। कांग्रेस के लोग तो कहते हैं, बहुत सालों के बाद मौका मिला है, इसके बाद मिलने वाला भी नहीं है, यही समय है जितना लूट सको लूट लो। 50 साल से भी पहले कांग्रेस ने देश से गरीबी हटाने की गारंटी दी थी, इंदिरा जी के जमाने में गरीबी हटाने की बातें कर रहे थे। कांग्रेस तब भी हर चुनाव इसी गारंटी पर लड़ती थी और आज भी इसी गारंटी पर लड़ती है। अगर कांग्रेस काम करती तो मोदी को इतनी मेहनत नहीं करनी पड़ती। मोदी ने गारंटी दी थी कि देश के गरीबों को सशक्त बनाऊंगा। आज आप इसके परिणाम देख रहे हैं, 5 वर्षों में ही साढे 13 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर आए हैं। यह इसलिए हुआ क्योंकि भाजपा सरकार ने गरीबों के हित में योजनाएं बनाई। भाजपा ने गरीबों को गरीबी से लड़ने के लिए जरूरी साधन भी दिए, सामर्थ्य दिया, भाजपा ने सरकारी योजनाओं से बिचौलियों और लुटेरों को बाहर निकाला। हमने यह सुनिश्चित किया कि लाभार्थियों तक पूरा लाभ पहुंचे। आज आप देखिए, मुफ्त राशन हर लाभार्थी तक, हर गरीब तक बिना किसी घोटाले के पहुंच रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत छत्तीसगढ़ के लाखों गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है। जो कभी गैस सिलेंडर की कल्पना नहीं कर सकते थे, उन सबको गैस कनेक्शन मुफ्त में पहुंचा है। अभी कुछ दिन पहले ही उज्ज्वला गैस सिलेंडर 400 रुपए सस्ता किया गया है। कल ही केंद्र सरकार ने 75 लाख नए उज्जवला कनेक्शन देने की मंजूरी दी है। कोई भी कनेक्शन से वंचित रह ना जाए, उसकी भी चिंता हमने शुरू कर दी है। आज इसका बड़ा लाभ हमारी सब छत्तीसगढ़ की बहनों-बेटियों को मिल रहा है। मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अच्छी सड़कों, अच्छी रेल व्यवस्था, बिजली की सुविधा बहुत जरूरी है, जब दिल्ली और रायपुर, दोनों जगह भाजपा सरकार होगी तब ऐसी सुविधाएँ तेजी से गांव तक पहुंच पाएगी, गरीबों तक पहुंचेगी।
सभा में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, प्रदेश महामंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरला कोसरिया व भूपेंद्र सिंह सवन्नी, सांसद गोमती साय, गुहाराम अजगले, पूर्व मंत्री ननकीराम कँवर, विधायक सौरभ सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, भाजपा जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, महासमुंद जिला अध्यक्ष व पूर्व संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी, भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन, हरीशचंद्र प्रतापसिंह राठिया, महेश साहू आदि उपस्थित थे। मंच संचालन प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने और आभार प्रदर्शन सांसद गोमती साय ने किया।



