छत्तीसगढ़राजनीति

भाजपा के लोगों को खुलेआम मारने की धमकी देने वाले पर अब तक एफआईआर क्यों नहीं? : केदार गुप्ता

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता ने नक्सल हिंसा को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा लगातार यह मुद्दा उठा रही है कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आदिवासी क्षेत्रों सहित पूरे प्रदेश में अपना राजनीतिक वर्चस्व और भरोसा खो चुके हैं। अब वर्चस्व की लड़ाई में राजनीतिक हत्याएँ तक हो रही हैं। भाजपा सीधे-सीधे राजनीतिक हत्या इसलिए कह रही है क्योंकि कुछ महीने पहले ही कांग्रेस की सभा में कांग्रेस विधायक इंद्रशाह मंडावी की मौजूदगी में खुलेआम सरजू टेकाम ने यह धमकी दी थी कि जो भी इस क्षेत्र में भाजपा का प्रचार करने आएगा, उसे काट डाला जाएगा, हत्या करके फेंक दिया जाएगा। गुप्ता ने हैरानी जताई कि सरजू टेकाम पर न तो कोई एफआईआर हुई, न ही कोई कार्रवाई हुई और इस राजनीतिक संरक्षण के चलते हाल ही वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता बिरझू तारम की नृशंस हत्या कर दी गई।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुप्ता ने गुरुवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस ब्रीफ में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि बिरझू तारम की हत्या को भाजपा राजनीतिक हत्या बताती रही, लेकिन सरकार की ओर से कोई बयान नहीं आया और तीन दिनों के बाद नक्सलियों ने पर्चा फेंका जिसमें स्पष्ट रूप से यह कहा गया है कि मना करने के बाद भी भाजपा का प्रचार-प्रसार करने की सजा बिरझू तारम को दी गई है। गुप्ता ने सवाल किया कि क्या भाजपा का प्रचार-प्रसार करने पर हत्या होगी और कांग्रेस या दीगर पार्टी का प्रचार-प्रसार करने पर सुरक्षा दी जाएगी? क्या नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में इसीलिए पनप रहा है? नक्सली लगातार भाजपा के नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को टारगेट कर रहे हैं। इससे पहले बस्तर में भी भाजपा के लोग नक्सलियों की टारगेट किलिंग के शिकार हुए हैं। अब नक्सलियों ने पर्चा फेंककर यह सिद्ध कर दिया है कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार नक्सलवादियों और सरजू टेकाम व उस जैसे घोर हेट स्पीच करने वालों पर कोई कार्रवाई इसीलिए नहीं कर रही है, ताकि भाजपा के कार्यकर्ता उनके निशाना बनें।

गुप्ता ने कहा कि भाजपा का यह स्पष्ट मत है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। प्रदेश में भाजपा विपक्ष में है और विपक्ष के लोगों की हत्या करके वह भय और आतंक के जरिए वातावरण बिगाड़ने में लगी है। भाजपा ने इस हत्या को राजनीतिक हत्या बताते हुए धर्मांतरण के मुद्दे को भी उठाया है। स्व. बिरझू तारम ने नवरात्रि पर्व पर दुर्गा प्रतिमा की स्थापना कर लोगों को पूजा करने के लिए आने को कहा था। कांग्रेस के राज में क्या पूजा करना भी अब अपराध है? केदार गुप्ता ने कहा कि नक्सलवाद की आड़ में आतंक फैलाकर कहीं-न-कहीं कांग्रेस की भूपेश सरकार अपने राजनीतिक वर्चस्व को बचाने की नाकाम कोशिश कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा बस्तर के भाजपा नेताओं को नक्सलियों से सुरक्षा मुहैया कराने पर मुख्यमंत्री बघेल के बयान पर केदार गुप्ता ने सवाल उठाया कि डेढ़ महीने पहले प्रदेश सरकार ने बस्तर के शीर्ष भाजपा नेताओं की सुरक्षा क्यों छीन ली थी? यदि उन 24 भाजपा नेताओं को केंद्र सरकार सुरक्षा प्रदान नहीं करती तो उनका क्या हश्र होता, छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी और मुख्यमंत्री बघेल इस सवाल का जवाब दें। क्या प्रदेश के हरएक नागरिक को सुरक्षा देने का काम प्रदेश सरकार का नहीं है? क्या नागरिक सुरक्षा के मोर्चे पर भूपेश सरकार अक्षम मान रही है जो कह रही है कि भाजपा सुरक्षा क्यों नहीं दे रही है? सुरक्षा देना विपक्ष का काम है या सरकार का?

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button