
रायपुर/कांकेर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांकेर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के लोगों के छात्रों के लिए केजी से लेकर पीजी तक सरकारी संस्थानों में मुफ्त शिक्षा का एलान किया। इसके साथ ही उन्होंने तेंदूपत्ता उत्पादकों के लिए चार हजार रुपए मानक बोरी तय करने, और लघु वनोपज में न्यूनतम समर्थन मूल्य से दस रुपए अतिरिक्त देने का ऐलान किया। कांकेर जिला के भानुप्रतापपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और भाजपा के साथ अडानी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि सरकार चलाने के दो तरीके होते हैं, या तो आप देश-प्रदेश के अमीर लोगों को फायदा पहुंचाओं, या फइर दूसरा गरीब लोगों को फायदा पहुंचाओ। हमारी सरकार किसानों, गरीब, मजदूरों की मदद करती है, उनकी सरकार बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन अंत में वे अडानी की मदद करते हैं। हम जो कुछ भी करते हैं किसानों के लिए, मजदूरों के लिए, दलितों के लिए, पिछड़ों के लिए करते हैं। हम मनरेगा लेकर आए। भोजन का अधिकार हम लेकर आए, कर्जा माफी हमने की। क्योंकि हम जानते हैं कि जब तक हम कमजोर लोगों की मदद नहीं करेंगे, देश खड़ा नहीं हो सकता है।



