मध्यप्रदेशराष्ट्रीय

इंदौर में गजब का अभियान, सेल्फी विद शौचालय में 1 लाख से ज्यादा लोगों ने लिया भाग

इंदौर में गजब का अभियान, सेल्फी विद शौचालय में 1 लाख से ज्यादा लोगों ने लिया भाग

इंदौर। दुनिया में 19 नवंबर की तारीख को ‘विश्व शौचालय दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस का मुख्य मकसद स्वच्छता को बढ़ावा देकर दुनिया को बीमारी से मुक्त करना है। अगर भारत में स्वच्छता की बात आए तो उसमें मध्य प्रदेश के शहर इंदौर का नाम सबसे आगे आता है। इस कारण इंदौर में विश्व शौचालय दिवस के मौके पर एक अनोखा अभियान चलाया गया। इस अभियान का नाम ‘शौचालय सुपर स्पॉट’ रखा गया। इसके तहत लोगों को शौचालयों के सामने मोबाइल फोन से सेल्फी लेनी है। कमाल की बात देखने को मिली कि इस अभियान के तहत इंदौर शहर में एक लाख से भी ज्यादा लोगों ने शौचालय के साथ सेल्फी ली है।

क्या था अभियान का मकसद?
इंदौर के अधिकारियों ने इस अभियान के बारे में बताया है कि नगर निगम की ओर से शुरू किए गए ‘शौचालय सुपर स्पॉट’ अभियान का मकसद शहर के 700 से अधिक सार्वजनिक शौचालयों और मूत्रालयों और इसके साथ ही झुग्गी बस्तियों में घरों के भीतर बने शौचालयों की साफ-सफाई को प्रोत्साहित करना था। इंदौर में इस अभियान के तहत मंगलवार रात नौ बजे तक 1,02,272 लोग शौचालयों के सामने सेल्फी खींच चुके थे। आपको बता दें कि राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर शहर लगातार सात बार अव्वल रहा है।

इंदौर के मेयर ने लोगों को धन्यवाद कहा
इंदौर शहर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने भी शहर के लोगों से इस अभियान में भाग लेने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि इंदौर, देश का इकलौता शहर है जो सार्वजनिक शौचालयों में स्वच्छता की गारंटी देकर लोगों से अपील कर रहा है कि वे इनका उपयोग करें और सुविधाओं से संतुष्ट होने पर इनके बाहर सेल्फी खींचें।

Author Desk

Related Articles

Back to top button