धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 56 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

धमतरी- जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। इसी कड़ी में थाना अर्जुनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 16 लाख 24 हजार 240 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई को जिले में अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि श्याम तराई फारेस्ट नाका के पास एक कार में अवैध रूप से हेरोइन का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से लगभग 56 ग्राम हेरोइन, नगद राशि, मारूति स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
मामले का मुख्य सरगना इस्लामुद्दीन कुरैशी बताया जा रहा है, जो पिछले कई महीनों से पुलिस की निगरानी में था। जांच में सामने आया कि आरोपी रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद और धमतरी सहित कई जिलों में सक्रिय था। वह लगातार मोबाइल नंबर बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतत निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस को इस नेटवर्क की जानकारी एक दिन पहले सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई हेरोइन बरामदगी के बाद मिली थी। पूछताछ में आरोपियों ने इस्लामुद्दीन के अंतरजिला नेटवर्क का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। पुख्ता सूचना मिलने पर अर्जुनी पुलिस ने सोमवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन जिसकी कीमत लगभग 11 लाख रुपये, एक मारूति स्विफ्ट कार जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये, दो मोबाइल फोन और 4 हजार 240 रुपये नगद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 16 लाख 24 हजार 240 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में निजामुद्दीन कुरैशी (28 वर्ष), अनिता नेताम (37 वर्ष) और इस्लामुद्दीन कुरैशी (34 वर्ष) शामिल हैं। तीनों बालोद जिले के मुसलमानपारा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी इस्लामुद्दीन पिछले डेढ़ से दो वर्षों से पंजाब जाकर ट्रेन के माध्यम से हेरोइन लाता था और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में इसकी सप्लाई करता था। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने अंतर्राज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी को तोड़ने में सफलता हासिल की है।
इस मामले में थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



