वेदांता हादसे में अब तक 14 की मौत, प्रबंधन से मृतकों के परिजनों को 35 लाख और घायलों को 15 लाख का मुआवजा, केंद्र और राज्य से मदद

वेदांता हादसे में अब तक 14 की मौत, प्रबंधन से मृतकों के परिजनों को 35 लाख और घायलों को 15 लाख का मुआवजा, केंद्र और राज्य से मदद
सक्ती। वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हुई है। वहीँ 33 घायल हैं। 4 गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर शिफ्ट किया गया है। हादसे के बाद वेदांता पावर प्लांट प्रबंधन ने मृतकों के परिवार के लिए 35 लाख रुपए और घायलों को 15 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के इलाज और मृतकों के परिवार के सदस्य को प्लांट में नौकरी पर सहमति बनी है।
अस्पताल में इलाज के दौरान एक और मजदूरों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या 14 पहुंच गई है। अब तक 26 से अधिक घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुआ, जहां अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
सीएम साय ने की मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वेदांता पावर प्लांट में हुई दुर्घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घोषणा की कि मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि तथा घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत और संबल मिल सके। सभी घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।



