ग्राम भेलवाकूदा में साहू समाज का वार्षिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह सम्पन्न

माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करेंगे तो उज्ज्वल होगा भविष्य – लेखराम साहू
धमतरी। परिक्षेत्र साहू समाज तर्रागोंदी के तत्वाधान में ग्राम भेलवाकूदा में वार्षिक सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुरूद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक एवं पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक लेखराम साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ साहू संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विपिन साहू ने की। वहीं दयाराम साहू सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, वंदन और अभिनंदन के साथ हुई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि साहू समाज हमेशा से जनकल्याणकारी और सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहा है। समाज की एकजुटता और सहयोग की भावना के कारण शिक्षा, व्यापार, उद्योग और राजनीति के क्षेत्र में समाज की मजबूत पहचान बनी है। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर बड़े सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं तथा जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए सामूहिक विवाह जैसे आयोजन भी कराए जाते हैं।
विशिष्ट अतिथि लेखराम साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि साहू समाज छत्तीसगढ़ में शिक्षित और जागरूक समाज के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि समाज के आशीर्वाद और कर्मा माता की कृपा से उन्हें समाज में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला है और इसी समर्थन के कारण वे आज राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच पाए हैं।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि सभी को अपने माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए। ऐसा करने से मां कर्मा की कृपा से उनका भविष्य उज्ज्वल होगा और समाज भी आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी होनहार विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। साथ ही यह भी सुझाव दिया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए समाज की ओर से विशेष आर्थिक सहायता की व्यवस्था की जाए, ताकि वे आगे चलकर डॉक्टर, इंजीनियर या अधिकारी बनकर समाज का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में भोजन प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें समाज के पदाधिकारियों और अतिथियों ने स्वयं भोजन परोसकर समाजजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला साहू समाज धमतरी के अध्यक्ष गणेश साहू, कामता प्रसाद साहू सहित समाज के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।



