सीजीपीएससी भर्ती घोटाले में ईडी का बड़ा एक्शन, पूर्व चेयरमैन सोनवानी, जेके ध्रुव, आरती वासनिक के ठिकानों पर दबिश

सीजीपीएससी भर्ती घोटाले में ईडी का बड़ा एक्शन, पूर्व चेयरमैन सोनवानी, जेके ध्रुव, आरती वासनिक के ठिकानों पर दबिश
रायपुर/दुर्ग। सीजीपीएससी भर्ती घोटाले में जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मामले में सीबीआई की जांच के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। बुधवार सुबह ईडी की कई टीमों ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ दबिश देकर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगालने शुरू किए।
जानकारी के अनुसार, ईडी की पांच सदस्यीय टीम ने आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष रहे टामन सोनवानी के दुर्ग जिले स्थित ग्राम सरबदा निवास पर छापेमारी की। वहीं दो अलग-अलग टीमों ने पूर्व सचिव जीवन किशोर (जेके) ध्रुव के भिलाई सेक्टर-10 स्थित आवास पर जांच कार्रवाई की। इसके अलावा ईडी की एक टीम ने पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक के रायपुर स्थित निवास पर भी दबिश दी। जांच एजेंसी भर्ती प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
ईडी की कार्रवाई केवल पूर्व अधिकारियों तक सीमित नहीं रही। टीम ने मामले के एक अन्य आरोपी ललित गणवीर से जुड़े ठिकानों पर भी छापेमारी की। राजनांदगांव के शिक्षक कॉलोनी स्थित कृषि विस्तार अधिकारी भूपेंद्र गणवीर के घर भी जांच की गई। भूपेंद्र गणवीर, आरोपी ललित गणवीर के भाई बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक ईडी की टीमें परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही हैं और विभिन्न दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड तथा संपत्ति से संबंधित जानकारियों की जांच में जुटी हुई हैं। माना जा रहा है कि एजेंसी भर्ती घोटाले से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन और मनी ट्रेल की पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि सीजीपीएससी भर्ती घोटाला पिछले लंबे समय से प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में पहले से सीबीआई जांच जारी है और अब ईडी की एंट्री के बाद जांच का दायरा और व्यापक होने की संभावना जताई जा रही है।



