अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अनोखी पहल: कैदियों के साथ योग करेंगे जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अनोखी पहल: कैदियों के साथ योग करेंगे जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता
रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर छत्तीसगढ़ में जेल सुधार की दिशा में एक विशेष पहल देखने को मिलेगी। इस अवसर पर जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता रायपुर केंद्रीय जेल में बंद कैदियों के साथ सामूहिक योग अभ्यास करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न जेलों में भी योग कार्यक्रम किया जायेगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जेलों में बंद बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार लाना तथा उन्हें सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करना है। प्रशासन का मानना है कि योग के माध्यम से कैदियों में तनाव कम करने, आत्मनियंत्रण बढ़ाने और पुनर्वास की प्रक्रिया को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार, योग दिवस पर होने वाला यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि इसे जेल सुधार व्यवस्था के तहत एक व्यवहारिक और निरंतर चलने वाली सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जेल परिसरों में योग प्रशिक्षकों की मदद से प्राणायाम, ध्यान और आसनों का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही कैदियों को योग के नियमित अभ्यास के लाभों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। यह पहल राज्य में सुधारात्मक सेवाओं को और अधिक मानवीय, संवेदनशील और पुनर्वास केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



