छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की धान खरीदी व्यवस्था पर महाराष्ट्र प्रतिनिधिमंडल ने की सराहना, मुख्यमंत्री साय से की शिष्टाचार मुलाकात

छत्तीसगढ़ की धान खरीदी व्यवस्था पर महाराष्ट्र प्रतिनिधिमंडल ने की सराहना, मुख्यमंत्री साय से की शिष्टाचार मुलाकात

रायपुर। रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आज महाराष्ट्र के विधायक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ की धान खरीदी व्यवस्था, किसानों के हित में संचालित योजनाओं, कृषि सुधारों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है, जहां बड़ी आबादी खेती पर निर्भर है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है तथा लगभग 141 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया है। राज्य में करीब 2700 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से पारदर्शी व्यवस्था के तहत खरीदी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजीयन से लेकर तौल, परिवहन और भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया को तकनीक आधारित और सरल बनाया गया है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने ‘कृषक उन्नति योजना’ सहित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी।

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, सिंचाई विस्तार और फसल विविधीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ की धान खरीदी प्रणाली और किसानों के हित में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए इसे एक अनुकरणीय मॉडल बताया और इसे महाराष्ट्र के धान उत्पादक क्षेत्रों में लागू करने की बात कही।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महाराष्ट्र के विधायक डॉ. परिणय फुके, विनोद अग्रवाल, राजू कारेमोरे, संजय पुराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button