चिंतन शिविर 3.0 से विकसित छत्तीसगढ़ की नई रणनीति, आज से आईआईएम रायपुर में जुटेगा पूरा मंत्रिमंडल

चिंतन शिविर 3.0 से विकसित छत्तीसगढ़ की नई रणनीति, आज से आईआईएम रायपुर में जुटेगा पूरा मंत्रिमंडल
रायपुर। छत्तीसगढ़ को विकास की नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आज से रायपुर के आईआईएम में दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ का शुभारंभ होगा। इस शिविर में सुशासन, नवाचार, निवेश और भविष्य की नीतियों पर गहन मंथन किया जाएगा।
चिंतन शिविर में सरकार सिर्फ योजनाओं की समीक्षा नहीं करेगी, बल्कि विकसित छत्तीसगढ़ के भविष्य का रोडमैप भी तैयार करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगुवाई में पूरा मंत्रिमंडल आईआईएम रायपुर में दो दिनों तक नीति निर्माण, नेतृत्व, नवाचार और परिणाम आधारित प्रशासन पर मंथन करेगा।
शिविर में कृषि, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, टेक्नोलॉजी और जनसेवा जैसे अहम क्षेत्रों के लिए नई रणनीतियों पर चर्चा होगी। राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ मंत्रियों को सुशासन, भविष्य की चुनौतियों और प्रभावी प्रशासन के नए मॉडल से परिचित कराएंगे। गौर गोपाल दास, अभय करंदीकर और डॉ. रमेश चंद जैसे विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
दूसरे दिन योग सत्र के साथ सार्वजनिक नीति, पर्यटन, नेतृत्व और सुशासन पर विशेष व्याख्यान होंगे। शिविर का मुख्य उद्देश्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय, तेज़ निर्णय प्रक्रिया और नागरिक-केंद्रित प्रशासन को और अधिक मजबूत बनाना है।
सरकार का दावा है कि इस चिंतन शिविर के जरिए पारदर्शी, जवाबदेह, संवेदनशील और परिणामोन्मुखी कार्यसंस्कृति को नई मजबूती मिलेगी, जिससे विकसित छत्तीसगढ़ के विज़न को नई दिशा और नई गति मिलेगी।



