मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा में हंगामा, कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित; पीएम मोदी ने की सार्थक चर्चा की अपील

मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा में हंगामा, कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित; पीएम मोदी ने की सार्थक चर्चा की अपील
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही राजनीतिक गर्माहट देखने को मिली। लोकसभा में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए सभी दलों से सार्थक और तथ्यपरक चर्चा की अपील की। उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि जहां तर्क और तथ्य होते हैं, वहां शोर-शराबे की कोई जरूरत नहीं होती। अगर आपके तर्क और तथ्य मजबूत हैं तो आवाज ऊंची करने की जरूरत नहीं है। मुझे उम्मीद है कि संसद में चर्चाएं तर्क और तथ्यों के आधार पर होंगी। हर आवाज को सुने जाने का मौका मिलना चाहिए। संसद की यही भूमिका है।
हालांकि, प्रधानमंत्री की अपील के बावजूद लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार हंगामा किया। लगातार शोर-शराबे के बीच सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।
मानसून सत्र के पहले दिन से ही सरकार और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक टकराव के संकेत मिल गए हैं। आगामी दिनों में विभिन्न मुद्दों और विधेयकों को लेकर दोनों पक्षों के बीच जोरदार बहस और हंगामे की संभावना बनी हुई है।



