
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत शुक्रवार को गिरावट के साथ हुई। वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 300 अंक से अधिक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी 24,600 के स्तर से नीचे फिसल गया। सुबह 9:30 बजे सेंसेक्स 249 अंक यानी 0.31 फीसदी की गिरावट के साथ 78,705.76 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 35 अंक यानी 0.14 फीसदी टूटकर 24,601 के स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले शुरुआती कारोबार में दोनों प्रमुख सूचकांक करीब 0.6 फीसदी तक नीचे आ गए थे।
ईरान के प्रस्ताव से बढ़ी बाजार की चिंता
बाजार में गिरावट की बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बढ़ी भू-राजनीतिक चिंताएं रहीं। ईरान के एक प्रस्ताव में रणनीतिक जलमार्ग से शत्रुतापूर्ण जहाजों की आवाजाही को प्रतिबंधित करने की बात सामने आई है। इससे वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। निवेशकों को डर है कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ता है तो कच्चे तेल की कीमतों में और उछाल आ सकता है, जिसका असर दुनियाभर के बाजारों पर पड़ सकता है।
रुपया भी कमजोर, बड़े शेयरों में बिकवाली
शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले छह पैसे कमजोर होकर 95.28 के स्तर पर आ गया। एशिया के अन्य शेयर बाजारों में भी दबाव देखने को मिला। भारतीय बाजार में बजाज ट्विन्स और आईसीआईसीआई बैंक जैसे बड़े शेयरों में बिकवाली हावी रही। इन कंपनियों के शेयरों में करीब पांच फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई।



