पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा-ट्रंप ने हमें टॉयलेट पेपर की तरह यूज करके फेंक दिया

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा-ट्रंप ने हमें टॉयलेट पेपर की तरह यूज करके फेंक दिया
इस्लामाबाद। भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील फाइनल होने के बाद पाकिस्तान और अमेरिका के रिश्तों में बड़ी दरार देखने को मिल रही है। हालात बता रहे हैं कि पाकिस्तान और अमेरिका के बीच मुनीर और शहबाज शरीफ की चापलूसी के जरिये ट्रंप से बनाए गए रिश्ते अब टूटने के कगार पर हैं। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अमेरिका और ट्रंप के खिलाफ सदन में बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने ट्रंप पर आरोप लगाया है कि अमेरिका ने पाकिस्तान को टॉयलेट पेपर की तरह इस्तेमाल करके फेंक दिया।
क्या बोले पाक रक्षा मंत्री?
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने नेशनल असेंबली में दिए चौंकाने वाला बयान में कहा कि पाकिस्तान ने अमेरिका को क्या-क्या नहीं दिया…. अपना पोर्ट दिया, एयरस्पेस दिया…जो उसे अफगानिस्तान में युद्ध में काम आया, लेकिन वाशिंगटने ने पाकिस्तान को इस्तेमाल करके बाद में उसे “टॉयलेट पेपर की तरह फेंक दिया। आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान ने सोवियत संघ के खिलाफ और 2001 के बाद अमेरिका के नेतृत्व वाले युद्धों में हिस्सा लिया, लेकिन यह धार्मिक जिहाद नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ और बड़े वैश्विक शक्तियों का समर्थन हासिल करने के लिए था।
ख्वाजा ने पूर्व पाक जनरल की तीखी आलोचना की
ख्वाजा आसिफ ने पूर्व सेना प्रमुखों जनरल जिया-उल-हक और परवेज मुशर्रफ की भी तीखी आलोचना की है, जिन्होंने अमेरिका को अफगानिस्तान में युद्ध के लिए अपना पोर्ट और एयरस्पेस दिया था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने इन युद्धों के लिए अपना पाठ्यक्रम भी बदल दिया, जिसके प्रभाव आज तक बने हुए हैं। अफगानिस्तान की तबाही का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन नीतियों के कारण लाखों लोग प्रभावित हुए, पीढिय़ां बर्बाद हुईं। पाकिस्तान को इस्तेमाल किया गया और फिर छोड़ दिया गया। आसिफ ने जोर दिया कि यह “किराए का युद्ध” था, जिसमें पाकिस्तान को अमेरिका ने रणनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल कर त्याग दिया।



