छत्तीसगढ़

स्वास्थ्य केंद्रों में 24×7 दिन स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने दिए निर्देश -मोनिका देवांगन



धमतरी (प्रखर)जिला पंचायत सभापति (महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग) श्रीमती मोनिका देवांगन ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव एवं खरेंगा का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. यू. एल. कौशिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रिया कंवर एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि—भटगांव से जनपद सदस्य एवं सभापति जयंती ध्रुव, सरपंच फागुराम साहू तथा खरेंगा से जनपद सदस्य गीतेश्वरी साहू, सरपंच नीलम टी. आर. साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष ऋषभ देवांगन, दर्री उप सरपंच निरंजन साहू, हेमराम ध्रुव, सुभाष साहू, मोहन साहू, कुलेश्वर साहू सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सभापति श्रीमती देवांगन ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा स्टाफ की उपस्थिति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने मरीजों एवं परिजनों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए।
इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्र के भवनों का भी निरीक्षण किया गया। भवन की स्थिति, रखरखाव एवं आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने स्टाफ क्वार्टर एवं भवन की मरम्मत (रिपेयरिंग) के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिल सके और सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हों।
सभापति ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं 24×7 दिन स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आमजन को किसी भी समय उपचार की सुविधा मिल सके। उन्होंने दवाओं की नियमित उपलब्धता, साफ-सफाई, समय पर उपचार एवं जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने हेतु आवश्यक कदम उठाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button