छत्तीसगढ़

रुद्री पॉलिटेक्निक कॉलेज प्रांगण में भव्य हनुमान जयंती महोत्सव

मंत्री गुरु खुशवंत सिंह रहे मुख्य अतिथि – कलश यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पूजा-अर्चना से गूंजा पूरा क्षेत्र


धमतरी(प्रखर)रुद्री स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज प्रांगण में हनुमान जयंती महोत्सव इस वर्ष अत्यंत भव्य, श्रद्धामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन में धर्म, संस्कृति और लोक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीणजन और शहरवासी शामिल हुए।
इस भव्य कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उच्च तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान हनुमान के चरणों में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा अपने संबोधन में हनुमान जी के आदर्शों—भक्ति, शक्ति और सेवा—को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में महापौर रामू रोहरा, डेनिस चंद्राकर, कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी संदीप सिंह, महेंद्र खंडेलवाल, कोमल संभाकर, मेघराज ठाकुर एवं श्यामनरेश साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
महोत्सव का आकर्षण छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार दुकालू यादव की मनमोहक प्रस्तुति रही। उनके भक्ति गीतों और लोक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राम-भक्ति और हनुमान भक्ति से सराबोर कर दिया, जिससे उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा।
दोपहर के समय गांव की महिलाओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। जयकारों और भक्ति गीतों के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
दिनभर चले इस महोत्सव में विविध धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे सभी ने सुगमता से कार्यक्रम का आनंद लिया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में धार्मिक आस्था को प्रबल करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करते हैं। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने इसे एक यादगार महोत्सव बना दिया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button