छत्तीसगढ़

धार्मिक आयोजनों से गांव में बढ़ती है शांति और सकारात्मकता- लेखराम साहू

 
बकली में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन, जड़ भरत प्रसंग से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु


धमतरी (प्रखर)ग्राम बकली में बोल बम महिला सेवा समिति के तत्वाधान में सांस्कृतिक भवन परिसर में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ ले रहे हैं।
कथावाचक पंडित रिंकू शर्मा ने जड़ भरत प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार मोह-माया से दूर रहने का संकल्प लेने के बावजूद जड़ भरत एक हिरण शावक के प्रति स्नेहवश बंध गए और अंततः उसी वियोग में उन्होंने अपने प्राण त्याग दिए। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने जीवन में वैराग्य और संतुलन का संदेश दिया। कथा सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
इस अवसर पर लेखराम साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि इतनी कम उम्र में पंडित रिंकू शर्मा द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का प्रचार-प्रसार करना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ग्राम बकली एक धार्मिक ग्राम है, जहां समय-समय पर इस प्रकार के आयोजन होते रहते हैं, जिससे गांव में शांति, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
लेखराम साहू ने आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता और आध्यात्मिक जागरूकता का प्रसार होता है। उन्होंने भगवान से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ कथा का रसपान किया, जिससे पूरा ग्राम भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button