छत्तीसगढ़

रांदल माता पूजन में शामिल हुए प्रीतेश गांधी, 1400 सुहागिनों ने किया सामूहिक पूजन

धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, समरसता और आस्था को मजबूत करने का सशक्त माध्यम – प्रीतेश गांधी


रायपुर। श्री गुजराती ब्रह्म समाज महिला मंडल रायपुर द्वारा दया भवन, न्यू टिंबर मार्केट त्रिमूर्ति नगर में भव्य सामूहिक रांदल माता पूजन का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश सह कार्यालय मंत्री एवं सर्व गुजराती समाज छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष प्रीतेश गांधी मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने माता रानी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 201 माताजी के लोटों की स्थापना की गई तथा लगभग 1400 सुहागिन महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में भाग लिया। दिनभर चले इस आयोजन में रांदल माता पूजन एवं कथा, गोयणी पूजन, महाप्रसादी और संध्या आरती जैसे धार्मिक कार्यक्रम विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुए। यह आयोजन महाराज श्री प्रकाश भाई एवं महाराज श्री अंकुर भाई के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रीतेश गांधी ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, समरसता और आस्था को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि रांदल माता का सामूहिक पूजन हमारी परंपराओं और संस्कारों का प्रतीक है, जिससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
पूर्व विधायक एवं एन.आर. गुजराती एसोसिएशन के अध्यक्ष देवजी भाई पटेल ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में महाप्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में श्री गुजराती ब्रह्म समाज महिला मंडल रायपुर की अध्यक्ष प्रेरणा बेन भट्ट, सचिव दीपा बेन पंड्या सहित समाज के कई पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button