छत्तीसगढ़

विश्व नवकार दिवस पर जैन समाज में उल्लास, आकाश गोलछा ने दी शुभकामनाएं


धमतरी। विश्व नवकार दिवस के पावन अवसर पर जिलेभर में जैन समाज के लोगों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ नवकार मंत्र का जाप कर दिन की शुरुआत की। इस अवसर पर सकल जैन श्री संघ के सक्रिय सदस्य आकाश गोलछा ने समस्त समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
अपने संदेश में आकाश गोलछा ने कहा कि नवकार मंत्र जैन धर्म का सबसे प्राचीन और शक्तिशाली मंत्र है, जो व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि यह मंत्र हमें अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और संयम जैसे मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है, जो एक स्वस्थ और समरस समाज के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
विश्व नवकार दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न जैन मंदिरों में विशेष पूजन, आराधना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से नवकार मंत्र का जाप कर विश्व शांति, भाईचारे और मानव कल्याण की कामना की।
आकाश गोलछा ने आगे कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में नवकार मंत्र मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहें और धर्म के मूल सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाएं।
इस अवसर पर जैन समाज के वरिष्ठजनों ने भी नवकार मंत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंत्र किसी एक धर्म या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के कल्याण का संदेश देता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर समाज में सद्भाव और एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button