माँ अंगारमोती धाम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया पूजन, सामूहिक विवाह समारोह में हुए शामिल

धमतरी। आदिशक्ति माँ अंगारमोती धाम की पावन भूमि पर आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने माँ अंगारमोती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
पूजन के बाद कृषि मंत्री आदिशक्ति माँ अंगारमोती परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह समारोह में भी शामिल हुए। आदिवासी ध्रुव गोंड समाज द्वारा आयोजित इस समारोह में कई जोड़े पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक बंधन में बंधे। इस अवसर पर रामविचार नेताम ने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, सफल और समृद्ध वैवाहिक जीवन की मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में एकता, सहयोग और सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आदिशक्ति माँ अंगारमोती ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन मरई, सर्व आदिवासी समाज महिला प्रभाग की जिला अध्यक्ष चंद्रकला नेताम सहित सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम पूरे दिन धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता के माहौल में संपन्न हुआ।



