राष्ट्रीय

सिद्दारमैया ने किया सीएम पद से इस्तीफे का ऐलान, शिवकुमार ने छुए पैर

सिद्दारमैया ने किया सीएम पद से इस्तीफे का ऐलान, शिवकुमार ने छुए पैर

कर्नाटक की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की खबरों ने राज्य की सियासत में हलचल तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व राज्य में सत्ता परिवर्तन की तैयारी कर चुका है और जल्द ही नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जा सकता है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। कई जगह समर्थक जश्न मनाते और मिठाइयां बांटते नजर आए।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पार्टी हाईकमान के साथ हुई अहम बैठक के बाद मुख्यमंत्री पद छोड़ने का फैसला लिया है। चर्चा थी कि बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद वे सीधे राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। हालांकि, इस घटनाक्रम में उस समय नया मोड़ आ गया जब जानकारी सामने आई कि कर्नाटक के राज्यपाल निजी कारणों से बेंगलुरु से बाहर हैं। ऐसे में अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि सिद्धारमैया अपना इस्तीफा व्यक्तिगत रूप से सौंपेंगे या फिर संवैधानिक प्रक्रिया के तहत किसी अन्य माध्यम से भेजा जाएगा।

इसी बीच मुख्यमंत्री आवास से सामने आई एक तस्वीर ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। दरअसल, डीके शिवकुमार नाश्ते के लिए मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे, जहां उन्होंने सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। तस्वीरों के वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जाने लगे। इसे सत्ता हस्तांतरण का संकेत माना जा रहा है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच भी नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

मौजूदा सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर बड़ा बयान दिया है। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नेतृत्व परिवर्तन के लिए पूरी तरह तैयार है और पार्टी हाईकमान जो फैसला करेगा, सभी नेता उसे स्वीकार करेंगे। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी भी बदलाव की पुष्टि नहीं की गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर सिद्धारमैया इस्तीफा देते हैं तो डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे नजर आ सकते हैं। लंबे समय से कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लगाई जा रही थीं। ऐसे में अब यह घटनाक्रम राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।

फिलहाल पूरे मामले पर कांग्रेस हाईकमान की नजर बनी हुई है और राज्य की राजनीति में अगले कुछ घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सिद्धारमैया आधिकारिक तौर पर कब इस्तीफा देते हैं और कांग्रेस नेतृत्व राज्य की कमान किसे सौंपता है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button