धमतरी में मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग महिला की मौत, दामाद घायल

धमतरी में मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग महिला की मौत, दामाद घायल
धमतरी। जिले के दुगली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगल में सराई बीनने गई एक बुजुर्ग महिला की मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई, जबकि उसका दामाद घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, पालगांव निवासी रामवती नेताम मंगलवार सुबह अपने दामाद के साथ जंगल में सराई बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के एक झुंड ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए दोनों इधर-उधर भागने लगे, लेकिन बुजुर्ग महिला खुद को नहीं बचा सकीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं हमले में घायल दामाद का उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



