रक्तदान से प्रभावित एसपी ने डॉ भूपेंद्र साहू का किया सम्मान
रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने वालों का सम्मान जरूरी : एसपी सूरज सिंह परिहार
रक्तदान से प्रभावित एसपी ने डॉ. भूपेंद्र साहू का किया सम्मान
धमतरी। नियमित रक्तदान के माध्यम से समाज सेवा की प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत करने वाले प्रखर समाचार के सिटी रिपोर्टर डॉ. भूपेंद्र साहू को पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसपी ने उनके सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बनता है।
पुलिस अधीक्षक श्री परिहार ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने सामाजिक दायित्वों को समझते हुए समय-समय पर रक्तदान करे, तो रक्त की कमी से किसी भी मरीज की जान नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि आज भी कई लोग रक्तदान को लेकर अनावश्यक भय और भ्रांतियों का शिकार हैं, जबकि चिकित्सकीय दृष्टि से स्वस्थ व्यक्ति द्वारा नियमित रक्तदान करना पूरी तरह सुरक्षित है। इससे न केवल जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है, बल्कि रक्तदाता का स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. भूपेंद्र साहू पत्रकारिता के माध्यम से आम जनता की समस्याओं और आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही वे नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी उत्कृष्ट निर्वहन कर रहे हैं। यह सेवा भाव अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. भूपेंद्र साहू ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे किसी अनजान व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति या डर को छोड़कर नियमित रूप से रक्तदान करें और मानवता की इस सेवा में अपनी भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी डॉ. भूपेंद्र साहू के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके इस सेवा कार्य को समाज के लिए अनुकरणीय बताया। यह सम्मान रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा
है।



