छत्तीसगढ़

धमतरी में ‘पहल’ योजना का शानदार आगाज़

  • धमतरी में ‘पहल’ योजना का शानदार आगाज

युवाओं को मिलेगी निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग, ‘युवा’ पुस्तक का हुआ विमोच

धमतरी। जिले के प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों को अब संसाधनों की कमी नहीं रोकेगी। जिला प्रशासन की अभिनव पहल के तहत बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में “पहल” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर युवाओं के मार्गदर्शन के लिए तैयार की गई ‘युवा’ पुस्तक का भी विमोचन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि यह पहल युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे महंगी कोचिंग के अभाव में अपने सपनों से समझौता न करें। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आह्वान किया।

‘युवा’ प्रोजेक्ट की विशेषताएं

‘युवा’ प्रोजेक्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी, बल्कि उनकी तैयारी को बेहतर बनाने के लिए उच्च गुणवत्ता की अध्ययन सामग्री और पुस्तकें भी उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही नियमित टेस्ट सीरीज आयोजित की जाएगी तथा विद्यार्थियों के प्रदर्शन की लगातार समीक्षा कर उनकी कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की संभावनाओं को और अधिक मजबूत बनाना है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह ठाकुर, बीसीएस कॉलेज के प्राचार्य विनोद पाठक, उप संचालक पंचायत नकुल वर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू, सहायक संचालक कौशल विकास शैलेंद्र गुप्ता, प्रशिक्षक अविनाश कुमार, महाविद्यालय के प्राध्यापक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन की इस अनूठी ‘पहल’ से धमतरी के सैकड़ों युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे उनके सरकारी सेवा में चयन के सपनों को नई दिशा और मजबूत आधार प्राप्त होगा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button