लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के साथ अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश
एसपी भावना पांडेय ने किया सिटी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण, अनुशासन, स्वच्छता और जनसेवा पर दिया जोर
लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के साथ अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश
एसपी भावना पांडेय ने किया सिटी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण, अनुशासन, स्वच्छता और जनसेवा पर दिया जोर
धमतरी-पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने 30 सितंबर को थाना सिटी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों, अभिलेखों, मालखाना, हवालात, कंप्यूटर कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की वेशभूषा एवं परेड का निरीक्षण किया गया। उत्कृष्ट परेड और बेहतर वेशभूषा वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य एवं फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, पुरुष एवं महिला हवालात तथा जप्त माल के रखरखाव की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। थाना परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के साथ पौधरोपण करने पर भी जोर दिया गया।
लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत से लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों की जानकारी लेते हुए विभिन्न रजिस्टर एवं अभिलेखों का अवलोकन किया गया। एसपी ने सभी विवेचकों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने तथा गंभीर अपराधों की विवेचना निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी और सख्त कार्रवाई करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सतर्क एवं मुस्तैद रहने कहा।
रिकॉर्ड और हथियारों की भी जांच
एसपी ने रोजनामचा, केस डायरी, एफआईआर, अपराध रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर, निरीक्षण पुस्तिका सहित अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया। रिकॉर्ड में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने और केस डायरी को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
शासकीय हथियारों का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को हथियारों के खोलने-जोड़ने और संचालन का नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक माह दो दिवस हथियार अभ्यास आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
आमजन की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने कहा
महिला एवं बालक-बालिकाओं से संबंधित मामलों, हत्या एवं अन्य गंभीर अपराधों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा न्यायालयीन मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि थाना पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक की शिकायत को सम्मान और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उसके निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने समस्त थाना स्टाफ की फॉलिंग कराई और अधिकारी-कर्मचारियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत सहित थाना के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



