
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भाजपा ने तीन अलग- अलग भाषाओं में एंथम लांच किया। कंटेंट राइटिंग टीम के संयोजक पंकज झा के नेतृत्व में यह तैयार किया गया है। इस कंटेंट को भाजपा ने छत्तीसगढ़ की जनता की आवाज बताते हुए कहा कि जनता की यह आवाज जनादेश में बदल जाएगी।
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज पूरे छत्तीसगढ़ में और बस्तर में धर्मांतरण को लेकर आक्रोश है और साथ में वहां पर डेवलपमेंट लगभग शून्य हो गया है। भाजपा शासन के समय बस्तर में अनुसूचित जनजाति के नौजवानों को प्राथमिकता के आधार पर भर्ती होती थी। कांग्रेस की सरकार आने के बाद वह पूरी तरह से बंद हो गई है और बस्तर की तो ऐसी दुर्दशा है कि भाजपा शासन के समय जो नक्सलवाद सीमाओं तक सिकुड़ गया था, वह नक्सलवाद अब एक बार फिर बस्तर के बीच में आ गया है। चारों तरफ लोगों का जीवन असुरक्षित हो गया है। ऐसी परिस्थितियों में भ्रष्टाचार के कहानी किस्से ही नहीं अब तो शायद एक पुस्तक लिखी जा चुकी है। छत्तीसगढ़ पूरे देश में भ्रष्टाचार के मामले में इतना बदनाम हो चुका है और हिंसक घटनाओं का सिलसिला जारी है। छत्तीसगढ़ के 20 लाख से ज्यादा युवा अपने आप को निराशा में डूबा हुआ पा रहे हैं। उनको लगता है कि कांग्रेस के राज में हमारा भविष्य सुरक्षित नहीं है। ऐसी परिस्थितियों में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि लोग भाजपा को जिताने के लिए तैयार हैं और वे मतदान का इंतजार कर रहे हैं। यहां का युवा, यहां की माताएं, यहां की बहनें सब भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करेंगे। विशेष तौर पर रायपुर के बारे में कह रहा हूं कि रायपुर को बीजेपी के 15 सालों में एक महानगर का स्वरूप मिला है। लोग आते थे तो कहते थे कि रायपुर तो बदल गया है। रायपुर पहचान में नहीं आ रहा है। रायपुर मुंबई दिल्ली चेन्नई हैदराबाद या और इंदौर जैसा बन गया है और आज जब लोग आते हैं तो कहते हैं कि रायपुर चाकूपुर हो गया है। रायपुर गड्ढापुर हो गया है। हमारी सरकार ने युवाओं के लिए एनआईटी आईआईटी हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, एमबीए कॉलेज एम्स इतने इंस्टिट्यूट खोले लेकिन आज कांग्रेस के शासनकाल में उन संस्थाओं को लगभग बर्बादी के कगार पर खड़ा कर दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ निर्माण का सपना अटल जी ने पूरा किया। छत्तीसगढ़ हमने बनाया है और इसे हम ही सवारेंगे, भारतीय जनता पार्टी का मूल विषय यही है। छत्तीसगढ़ के लिए जनता के बीच चुनाव अभियान में जाएंगे। इस थीम के माध्यम से देखा जा सकता है कि हल्बी हो, गोंडी हो, छत्तीसगढ़ी हो, अलग-अलग बोली में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसे पहुंचाया जाएगा। बहुत मेहनत इस पर की गई है। अब छत्तीसगढ़ का बच्चा-बच्चा इस थीम को गाने लगा है, मैं कंटेंट निर्माण करने वाले टीम को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
लोकार्पण समारोह में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता मनीष शुक्ला ,रिसर्च टीम के संयोजक शशांक शर्मा ,प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल उपस्थित रहे।



