नो मेंस लैंड के करीब नेपाल लगा रहा मोबाइल टावर, आंतरिक सुरक्षा के लिए बढ़ा खतरा

नो मेंस लैंड से महज दो किलोमीटर की दूरी पर नेपाल तीन नए मोबाइल टावर लगा रहा है। नेपाल में पहले से ही तीन टावर नेपाल सीमा से महज एक किलोमीटर दूरी पर लगे हुए हैं। नए टावर से भारतीय क्षेत्र में नेपाल का दखल संचार के माध्यम से बढ़ेगा
भारत व नेपाल की सीमा खुली हुई है। आने जाने वालों के लिए कुछ औपचारिकताओं को छोड़ दिया जाए तो कोई खास प्रतिबंध नहीं है। इसी का फायदा पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के साथ ही अन्य राष्ट्र विरोधी संगठन उठा रहे हैं। अभी हाल ही में जिले के सीमा क्षेत्र में दो अफगानी नागरिक पकड़े गए थे। इसे देखते हुए नेपाल की सीमा अब पहले जैसी महफूज नहीं है। नो मेंस लैंड से महज एक किलोमीटर पर नेपाल मोबाइल का टावर लगाता जा रहा है।
आंतरिक सुरक्षा को खतरा, खुफिया एजेंसियों ने भेजी रिपोर्ट
नेपाल सीमा से पूरा जिला सटा होने के कारण यहां केंद्र व राज्य सरकार की सभी खुफिया एजेंसियां तैनात हैं। नेपाल के गंगापुर सहित तीन स्थानों पर नेपाल टेलीकॉम के नए टावर लगने की सूचना भारत सरकार को भेजी है। एजेंसियों ने अपनी रिपोर्ट में टावर को आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।
नेपाल टेलीकॉम नेटवर्क भारतीय क्षेत्र में तीन किलोमीटर तक आसानी से पकड़ रहा है। नेपाल में श्रावस्ती सीमा से सटे इलाके में तीन टावर पहले से ही समस्या बने हुए थे। इसी के बाद नेपाल बाके के गंगापुर गांव में फिर से एक नया मोबाइल टावर लगा रहा है। इसका सामान आ चुका है। इस टावर के प्रारंभ होते ही बघौड़ा क्षेत्र में भी नेपाल का दखल संचार के माध्यम से हो जाएगा।



