राष्ट्रीय

शराब तस्करों को छुड़ाने के लिए उपद्रवियों ने ट्रेन पर फेंके पत्थर, कई जख्मी

शनिवार सुबह झांसी से कोलकाता जा रही ट्रेन संख्या 22198 प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस पर सौ से अधिक उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। पटना के ब्लॉक चौराहा के पास झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों ने यह हमला किया है। इस हमले में ट्रेन की कई खिड़कियों के कांच टूट गए और कई यात्री जख्मी भी हुए हैं। आधे घंटे तक हो-हंगामे के बाद आरपीएफ के जवानों ने ट्रेन की टॉयलेट से दो तस्करों के साथ एक दर्जन से अधिक बैकपैक में रखी शराब की बड़ी खेप बरामद की है।

बताया जा रहा है कि ट्रेन के दो डिब्बों के टॉयलेट में शराब की खेप लेकर दोनों तस्कर जा रहे थे। तस्करों ने टॉयलेट को अंदर से लॉक कर लिया था। काफी देर से यात्री टॉयलेट का दरवाजा न खुलने से परेशान थे। किसी अनहोनी की आशंका को देख यात्रियों ने इसकी सूचना ट्रेन में एस्कॉर्ट कर रही आरपीएफ की टीम को दी। आरपीएफ के जवानों ने टॉयलेट का दरवाजा खुलवाना चाहा, लेकिन तस्करों ने अंदर से दरवाजा नहीं खोला।

बताया गया की ट्रेन जब पटना के ब्लॉक चौराहा के पास पहुंची तभी उपद्रवियों ने शराब तस्करों को छुड़ाने के लिए ट्रेन पर हमला कर दिया। झोपड़पट्टी में रहने वाले असामाजिक तत्वों ने ट्रेन पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आरपीएफ की तरफ से पटना जंक्शन से काफी संख्या में फोर्स भेजी गई। रेल पुलिस के साथ ही स्थानीय थाने की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पथराव में ट्रेन के कई बोगियों के शीशे टूट गए हैं। कुछ यात्रियों को चोटें भी आई है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button