छत्तीसगढ़

बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट : सीआरपीएफ के 3 जवान चपेट में आने से घायल

रायपुर/बीजापुर। बीजापुर में सोमवार सुबह नक्सलियों के किए गए आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए हैं। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रहे है। तीनों जवानों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत देखकर बेहतर इलाज के लिए रायपुर एयरलिफ्ट करने की तैयारी है। वारदात गंगालूर थाना क्षेत्र में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुसनार से सीआरपीएफ 222वीं और 85वीं बटालियन के जवान सोमवार सुबह एरिया डॉमिनेशन के लिए निकले थे। जवान गंगालूर की तरफ आगे बढ़ रहे थे, इसी दौरान सुबह करीब 10.30 बजे टेकामेटा पहाड़ी के पास नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया। इसकी चपेट में आकर 222वीं बटालियन का जवान विशाल, 85वीं बटालियन के जवान रिफान साहू और अमित कुमार घायल हो गए। घायल जवानों में विशाल के हाथ-पैर और अंदरूनी चोटें आई हैं। वहीं रिफान साहू के गले में और अंदरूनी चोटें लगी हैं। जबकि 85वीं बटालियन के अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। ब्लास्ट के चलते उनका पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा सीने में और अंदरूनी चोटें भी लगी हैं। तीनों जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने पहले से ही आईईडी प्लांट कर रखा था।

Author Desk

Related Articles

Back to top button