व्यापार

ईरान-अमेरिका तनाव थमने से शेयर बाजार में जोरदार उछाल, सेंसेक्स 1080 अंक चढ़ा

ईरान-अमेरिका तनाव थमने से शेयर बाजार में जोरदार उछाल, सेंसेक्स 1080 अंक चढ़ा

मुंबई। ईरान और अमेरिका के बीच 107 दिनों से जारी तनावपूर्ण स्थिति के थमने की घोषणा के बाद मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान पर खुले। शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 53 पैसे मजबूत हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1080 अंकों की बढ़त के साथ खुला, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 330 अंक चढ़कर कारोबार करता दिखा।

विश्लेषकों के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की घोषणा के बाद एशियाई बाजारों में सकारात्मक माहौल बना। जापान का निक्केई सूचकांक करीब 4 प्रतिशत की बढ़त के साथ रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। होर्मुज जलडमरूमध्य के खुले रहने की खबर से निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ।

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 3.45 डॉलर टूटकर 83.88 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी क्रूड 3.95 डॉलर गिरकर 80.93 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

तेल कीमतों में आई इस नरमी से भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि युद्ध के दौरान आपूर्ति श्रृंखला पर पड़े असर के कारण तेल बाजार को पूरी तरह सामान्य होने में अभी कुछ समय लग सकता है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button