राष्ट्रीय

प्रदर्शन या अपमान : राहुल ने डाला चढ़ावा, साधु के वेश में पप्पू यादव ने जेब में रखे पैसे, जमीन पर लगी भगवान राम की तस्वीर

दान पेटी रखकर किया विरोध प्रदर्शन

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में दान पेटियों के साथ संसद के मकर द्वार पर पहुंचे और राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसद शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए। विपक्ष ने सदन की कार्यवाही के दौरान अमित शाह की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाए। प्रतीकात्मक प्रदर्शन में संसद परिसर में दान पेटियां रखी गईं। इसमें राहुल गांधी समेत अन्य सांसदों ने पेटियों में पैसे डाले। साधु के वेश में बैठे पप्पू यादव ने उन पैसों को अपनी जेब में रखकर राम मंदिर चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों को नाटकीय अंदाज में प्रस्तुत किया।

प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद और धर्मेंद्र यादव, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी सहित इंडिया ब्लॉक के कई सांसद शामिल रहे। सांसदों के हाथों में एक बड़ा बैनर था, जिस पर लिखा था अमित शाह सदन से गायब क्यों? इंडिया ब्लॉक ने कहा कि वह राम मंदिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों और 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई जैसे मुद्दों पर सरकार को लगातार घेरता रहेगा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button