कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को तेलंगाना हाईकोर्ट से मिली अग्रिम जमानत

खेड़ा ने असम के सीएम की पत्नी पर लगाए है आरोप
हैदराबाद। पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद हिमंत विश्व शर्मा की शिकायत पर गुवाहाटी में पवन खेड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। ऐसे में पवन खेड़ा ने तेलंगाना हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की और कोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें जमानत दे दी है। तेलंगाना हाईकोर्ट ने पवन खेड़ा को एक सप्ताह की अग्रिम जमानत दी है। एक सप्ताह के अंदर कांग्रेस नेता को गुवाहाटी कोर्ट में जाना होगा।
कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख खेड़ा ने तेलंगाना कोर्ट में अपना आवासीय पता हैदराबाद में बताया है। उन्होंने उच्च न्यायालय से अनुरोध किया था कि गिरफ्तारी की स्थिति में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया जाए। खेड़ा की पत्नी तेलंगाना की हैं और हैदराबाद में उनका खुद का घर भी है। तेलंगाना में कांग्रेस सत्ता में है। यह याचिका सात अप्रैल को दायर की गई थी। नौ अप्रैल को उस पर सुनवाई हुई और 10 अप्रैल को अग्रिम जमानत दे दी गई। खेड़ा ने याचिका में गुवाहाटी अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त थाने और तेलंगाना सरकार को प्रतिवादी बनाया था।



