राष्ट्रीय

सुप्रीम कोर्ट को मिले दो नए जज, चीफ जस्टिस चंद्रचूड़ ने शपथ दिलाई

नई दिल्ली। देश के चीफ जस्टिस डी.वाई. चंद्रचूड़ ने शुक्रवार को जस्टिस उज्ज्वल भुइयां और जस्टिस एस. वेंकटनारायण भट्टी को शपथ दिलाई। इसके साथ ही अब सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ कर 32 हो गई। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में कुल 34 जज नियुक्त किए जा सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट के सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में चीफ जस्टिस ने दोनों नए जजों को पद की शपथ दिलाई। जस्टिस भुइयां तेलंगाना हाई कोर्ट के और जस्टिस भट्टी केरल हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे।

केंद्र सरकार ने बुधवार को जस्टिस उज्ज्वल भुइयां और जस्टिस एस. वेंकटनारायण भट्टी के नामों को मंजूरी दे दी थी। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय द्वारा 12 जुलाई को जारी अधिसूचना में कहा गया कि राष्ट्रपति ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 124 के खंड (2) द्वारा प्रदत्त शक्तियों के तहत न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां और न्यायमूर्ति एस वेंकटनारायण भट्टी को नियुक्त किया है। कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से वे सुप्रीम कोर्ट के जज होंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के नामों की अनुशंसा करने के एक हफ्ते के भीतर केंद्र ने मंजूरी दे दी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button