अगले 2-3 दिनों में केरल पहुंचेगा मानसून, उत्तर भारत में फिर बढ़ेगी गर्मी

अगले 2-3 दिनों में केरल पहुंचेगा मानसून, उत्तर भारत में फिर बढ़ेगी गर्मी
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और अगले दो से तीन दिनों में इसके केरल पहुंचने की संभावना है। वहीं देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि मध्य भारत के कई क्षेत्रों, विशेषकर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने और आंधी आने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में भी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है।
पर्वतीय राज्यों में आगामी दिनों में बारिश के आसार बने हुए हैं। वहीं पूर्वोत्तर भारत के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 जून को पूर्वोत्तर राज्यों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। आईएमडी ने तमिलनाडु के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर, उत्तर भारत में बारिश से मिली राहत अब खत्म होती नजर आ रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह क्षेत्र में भीषण गर्मी का दौर फिर शुरू हो सकता है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी, लेकिन तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।



