पश्चिम बंगाल में मणिपुर जैसी शर्मनाक घटना, महिला प्रत्याशी को निर्वस्त्र करके घुमाया, तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी पर आरोप

कोलकाता। मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र करने जैसा एक शर्मनाक मामला पश्चिम बंगाल से भी सामने आया है। सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पंचायत चुनाव की महिला उम्मीदवार ने आरोप लगाया है। महिला ने आरोप लगाया कि 8 जुलाई को पंचायत चुनाव के मतदान के दिन तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन पर शारीरिक हमला किया और उससे छेड़छाड़ की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसे तृणमूल के लगभग 40-50 उपद्रवियों ने मारा-पीटा। सीने और सिर पर डंडे से वार किया और मतदान केंद्र से बाहर फेंक दिया गया। एफआईआर की कापी में तृणमूल प्रत्याशी हेमंत राय, नूर आलम, अल्फी एसके, रणबीर पांजा संजू, सुकमल पांजा समेत कई लोगों के नाम हैं। महिला ने आगे कहा कि उन लोगों ने मेरे कपड़े फाड़ने की कोशिश की और मुझे नग्न होने पर मजबूर किया। सबके सामने मेरे साथ छेड़छाड़ की। मुझे गलत तरीके से छूने की कोशिश की। यह घटना बीते आठ जुलाई की बताई जा रही है, जिस दिन राज्य में पंचायत चुनाव का मतदान हुआ था। महिला प्रत्याशी का आरोप है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उसे निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया। यह घटना हावड़ा जिले के पांचला इलाके की है। मामले में पांचला थाने में मामला दर्ज किया गया है।
इधर, इस घटना के सामने आने के बाद भाजपा के आइटी सेल के प्रमुख व पश्चिम बंगाल भाजपा के सहप्रभारी अमित मालवीय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- ममता बनर्जी को क्या कोई शर्म है? आपके राज्य सचिवालय से कुछ ही दूरी पर यह घटना हुई है। आप एक विफल मुख्यमंत्री हैं और आपको अपने बंगाल पर ध्यान देना चाहिए।
इससे पहले मणिपुर की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सबने कड़ी निंदा की और इसे मानवता के खिलाफ जघन्य कृत्य बताया। ममता ने घटना को लेकर भाजपा व केंद्र सरकार की जमकर आलोचना की।



