दिल्ली

मानसून सत्र : संसद में मणिपुर पर हंगामा, प्रधानमंत्री सदन में आओ के नारे लगे, आप सांसद संजय सिंह पुरे सत्र के लिए निलंबित

नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र का आज तीसरा दिन है। सदन की कार्यवाही की शुरुआत मणिपुर मुद्दे पर शोर के साथ हुई। रानीतिक दलों ने संसद परिसर में प्रधानमंत्री मोदी के बयान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने ‘प्रधानमंत्री सदन में आओ’ के नारे भी लगाए। विपक्षी दल मणिपुर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दोनों सदनों में बयान दिए जाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, सरकार कह रही है कि वह चर्चा के लिए तैयार है। ऐसे में दोनों सदनों में फिर से हंगामे के आसार हैं।

मणिपुर मुद्दे पर सदन में विपक्ष के विरोध के दौरान राज्यसभा सभापति ने आप सांसद संजय सिंह को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया। आप सांसद राघव चड्ढा ने संजय सिंह के निलंबन पर कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सभापति ने संजय सिंह को निलंबित कर दिया। यह सही नहीं है, यह लोकतंत्र की आत्मा के खिलाफ है। सदन के स्थगित होने के बाद हमने सभापति से मुलाकात की और उनसे निलंबन वापस लेने की अपील की। सभापति को सभी सांसदों को बुलाकर बात करनी चाहिए और स्वस्थ चर्चा करनी चाहिए।

सदन में जारी हंगामे पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि मुझे लगता है कि मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री द्वारा सदन में उपस्थित होकर मुश्किलों को हल किया जा सकता है। वह खुद भी संसद के सदस्य हैं औऱ इसके प्रति जवाबदेह हैं। थरूर ने कहा कि यह इतना अहम मुद्दा है कि सरकार के मुख्य कार्यकारी से कम कोई भी इस पर शुरुआत में नहीं बोल सकता। प्रधानमंत्री ने संसद के बाहर मीडिया से बात करना उचित समझा लेकिन जब संसद के सत्र चल रहे हैं तो यह अस्वीकार्य है।

संसद में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, “विपक्ष मणिपुर पर चर्चा चाहता था और सरकार इस पर सहमत थी। अब, अगर इस मुद्दे (महिलाओं के खिलाफ अत्याचार) पर समग्रता से चर्चा की जाती है, तो उन्हें क्या समस्या है?”

Author Desk

Related Articles

Back to top button