माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद से निकली भाजयुमो बाइक रैली का धमतरी में जोरदार स्वागत
बस्तर से राजधानी तक युवा शक्ति का संदेश, पं. राजेश शर्मा के नेतृत्व में हुआ आत्मीय अभिनंदन
माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद से निकली भाजयुमो बाइक रैली का धमतरी में जोरदार स्वागत
बस्तर से राजधानी तक युवा शक्ति का संदेश, पं. राजेश शर्मा के नेतृत्व में हुआ आत्मीय अभिनंदन
धमतरी। माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद के साथ बस्तर से राजधानी रायपुर की ओर निकली भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की मोटरसाइकिल रैली का धमतरी पहुंचने पर रायपुर रोड स्थित महालक्ष्मी बिजनेस पार्क के सामने भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पं. राजेश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ताओं और युवाओं ने रैली में शामिल युवाओं का जोशीले अंदाज में अभिनंदन किया। पूरे आयोजन के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
धमतरी के उत्साह ने बढ़ाई कार्यकर्ताओं की ऊर्जा
रैली का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो प्रदेश महामंत्री कुणाल ठाकुर ने धमतरी में मिले भव्य स्वागत के लिए पं. राजेश शर्मा सहित सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धमतरी के युवाओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह रैली में शामिल युवाओं की ऊर्जा को और बढ़ाने वाला है। इसी जोश और उत्साह के साथ रैली राजधानी रायपुर पहुंचेगी।
बस्तर में बदलाव का संदेश लेकर राजधानी की ओर बढ़ी युवा शक्ति
स्वागत अवसर पर पं. राजेश शर्मा ने कहा कि बस्तर में बदलते वातावरण और नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय नक्सल भय के कारण लोग घरों से बाहर निकलने में भी आशंकित रहते थे, लेकिन आज बस्तर हिंसा के साए से निकलकर विकास की नई उड़ान की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि “कल जिन हाथों में हथियार थे, आज उन्हीं हाथों में हुनर है।” भाजपा ने जो कहा, उसे धरातल पर उतारने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नक्सलवाद के अंत का संकल्प लिया, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इसके लिए लक्ष्य निर्धारित किया तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने इसे मिशन के रूप में आगे बढ़ाया। आज बस्तर नक्सलमुक्त वातावरण और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर की पावन भूमि से माँ दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर युवा मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से राजधानी रायपुर की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे उत्साहपूर्ण वातावरण में युवाओं का स्वागत करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। आने वाले समय में बस्तर विकास और युवा शक्ति के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।
संगठन की सक्रियता का दिखा असर
पं. राजेश शर्मा ने भाजयुमो जिलाध्यक्ष शुभांक मिश्रा के नेतृत्व में जिलेभर में संगठन द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि धमतरी में बाइक रैली के स्वागत के दौरान युवाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी संगठन की सक्रियता और युवाओं की भागीदारी का प्रत्यक्ष उदाहरण है। युवाओं के जोश ने पूरे कार्यक्रम को ऊर्जा से भर दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित, आमदी मंडल अध्यक्ष विनय जैन, विकास शर्मा, हर्ष अग्रवाल, पारस यादव, लक्की डागा, विक्की यादव, राजा सोनी, नानकु महाराज, आर्यन सोनी, बाबू, सत्तू यादव, सूरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता और युवा उपस्थित रहे।



