महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों और झारखंड में दूसरे चरण के तहत 38 सीटों पर मतदान जारी

उपचुनाव में यूपी समेत 4 राज्यों की 15 विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर वोटिंग
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। इन चुनाव में सत्तारूढ़ ‘महायुति’ गठबंधन सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है तो विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) को सत्ता में वापसी की उम्मीद है। सभी 288 विधानसभा सीट पर मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में शामिल बीजेपी सबसे ज्यादा 149 सीट पर चुनाव लड़ रही है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 81 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। तो वहीं, अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी 59 सीट पर चुनाव लड़ रही है। झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आज दूसरे चरण की वोटिंग हो रही है। इससे पहले 13 नवंबर को पहले चरण के लिए 43 सीटों पर मतदान किया गया था। इस बीच अब आज दूसरे व अंतिम चरण के लिए वोटिंग की जा रही है। दूसरे चरण में झारखंड की 38 सीटों के लिए मतदान किया जाएगा।
सीएम शिंदे बोले – लोगों ने हमारे काम को देखा है
महाराष्ट्र सीएम और कोपरी-पचपखड़ी विधानसभा सीट से शिवसेना उम्मीदवार एकनाथ शिंदे ने कहा, आज लोकशाही का उत्सव है। सभी को वोट करना चाहिए। ये देश को मजबूत बनाएगा। लोगों ने हमारा ढाई साल का काम भी देखा है और उनका भी देखा है। उन्होंने जो विकास के काम को रोका था, हमने उसे शुरू किया। शिंदे अपने पूरे परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे। मतदान के बाद शिंदे ने परिवार के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और नागपुर दक्षिण-पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार देवेंद्र फडणवीस ने कहा, लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव चल रहा है। महाराष्ट्र में मैंने अपने परिवार के साथ मतदान किया है। मैं महाराष्ट्र के अपने सभी भाई-बहनों खासकर हमारी लाडकी बहनों से ये अपील करता हूं कि बहुत बड़े पैमाने पर वोट करें क्योंकि मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं है बल्कि हमारा कर्तव्य भी है। लोकतंत्र में हम सरकार चुनते हैं और जिसको हम चुनते हैं उसी से हम अपेक्षा रखते हैं। अगर हम सरकार से अपेक्षा करते हैं तो मतदान करना भी बहुत आवश्यक है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए नागपुर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वोटिंग के बाद उन्होंने कहा, लोकतंत्र में मतदान करना नागरिक का कर्तव्य है। हर नागरिक को यह कर्तव्य निभाना चाहिए। मैं उत्तराखंड में था, लेकिन कल रात मैं अपना वोट डालने के लिए यहां आया। सभी को मतदान करना चाहिए। वहीँ बारामती में वोट डालने के बाद एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि महाराष्ट्र के लोग शांतिपूर्ण तरीके से बड़ी संख्या में मतदान करेंगे। 23 नवंबर के बाद यह देश के सामने आ जाएगा कि राज्य में सरकार बनाने की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी। सुप्रिया सुले पर लगे आरोपों पर उन्होंने कहा, जिस व्यक्ति ने आरोप लगाए हैं, वह कई महीनों तक जेल में था, ऐसे लोगों को सामने लेकर झूठे आरोप लगाना, यह सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।
वहीं उपचुनाव की बात करें तो बुधवार को 4 राज्यों की 15 विधानसभा और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव है। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। इसमें यूपी की 9 सीटें, पंजाब की 4 सीटें, केरल की एक सीट, उत्तराखंड की एक सीट और महाराष्ट्र लोकसभा की एक सीट शामिल है।