उत्तर प्रदेश

महिला हेड कांस्टेबल पर हमले का आरोपी ढेर, यूपी पुलिस ने अनीश खान का किया एनकाउंटर

अयोध्या। महिला कॉन्स्टेबल पर हमले के मामले में यूपी पुलिस ने आरोपी अनीश खान को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। यूपी एसटीएफ और अयोध्या पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया था। मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सावन मेले के दौरान महिला कॉन्स्टेबल पर सरयू एक्सप्रेस में हमला हुआ था। मामले का पूरा खुलासा एसटीएफ प्रमुख अमिताभ यश ने लखनऊ में किया है। यूपी एसटीएफ ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी और तीन मोबाइल नंबर जारी किए थे।

उत्तर प्रदेश के स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि सरयू एक्सप्रेस में महिला कांस्टेबल पर हमले की घटना का मुख्य आरोपी अयोध्या के पूरा कलंदर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया है। उसके दो अन्य साथियों को भी मुठभेड़ के बाद इनायत नगर से गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि सोरांव के भदरी गांव की रहने वाली हेड कांस्टेबल सुमित्रा पटेल पिछले महीने 30 अगस्त को फाफामऊ से सरयू एक्सप्रेस में सवार हुई थीं। हेड कांस्टेबल अयोध्या के हनुमानगढ़ी में ड्यूटी करने के लिए जा रही थीं, लेकिन इसी बीच ट्रेन में मनकापुर से अयोध्या के बीच रात में सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में उनके ऊपर हमला कर दिया गया। हमलावर महिला पुलिसकर्मी को अधमरी हालत में ट्रेन की सीट के नीचे छिपाकर भाग गए थे। जैसे ही ये मामले सामने आया तो पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। महिला कॉन्स्टेबल का लखनऊ ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button