राष्ट्रीय

लखीमपुर में 500 से अधिक उपद्रवियों ने किया पथराव-तोडफ़ोड़ और आगजनी, रात में पुलिस पर हमला

अंबेडकर की प्रतिमा टूटने के बाद उपद्रवियों ने तोड़ा कानून

लखीमपुर खीरी। डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा टूटने के बाद लखीमपुर खीरी के बांकेगंज इलाके के गांव मोतीपुर में मंगलवार शाम जमकर बवाल हुआ। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सडक़ जाम कर पुलिस पर पथराव किया। खदेड़े जाने पर हिंसक भीड़ ने सीओ गोला रमेश तिवारी को दौड़ा लिया और उनकी व नायब तहसीलदार की गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। उन्हें बीच सडक़ पर पलट दिया और दो गाडिय़ों में आग भी लगा दी।

बवालियों ने रात के अंधेरे में पुलिस पर पथराव कर दिया। जब तक पुलिस कुछ समझ पाती, तब तक कई वाहनों में तोडफ़ोड़ के बाद दो सरकारी गाडिय़ों को आग के हवाले कर दिया। उग्र प्रदर्शन, आगजनी, पथराव और लाठीचार्ज से दहशत का माहौल बन गया। बाजारों में दुकानें बंद हो गई और लोग घरों में कैद हो गए। करीब 500 प्रदर्शनकारियों से 35-40 पुलिसकर्मी ही मोर्चा लेते दिखे। यही कारण रहा कि प्रदर्शनकारियों से बचने के लिए पुलिस को भी सुरक्षित जगह तलाशनी पड़ी। मैलानी थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी पथराव में घायल हुए हैं।

ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 10 के मोतीपुर गांव के लोग मंगलवार दोपहर डॉ. भीमराम राव आंबेडकर की जयंती पर माल्यार्पण के बाद जुलूस निकाल रहे थे। इस दौरान शाम करीब चार बजे मूर्ति हटाए जाने और क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना से आक्रोश भडक़ गया। घटना की जानकारी संसारपुर चौकी पुलिस को मिली। चौकी के छह सात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

पुलिस को देख महिलाओं ने मूर्ति को लगवाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया और बांकेगंज-कुकरा मार्ग पर बड़ी नहर पुल के बीच धरना शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और करीब चार घंटे तक मार्ग पर जाम रहा। इससे पहले जब घटना की जानकारी पुलिस के आलाधिकारियों को हुई तो मैलानी और गोला थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया तो लोग और भडक़ गए। प्रदर्शन उग्र होने के बाद आगजनी, पथराव और लाठीचार्ज हो गया। बांकेगंज कस्बे के आसपास के लोग दुकानें बंद करके निकल गए।

कुछ ही देर बाद नायब तहसीलदार की टाटा सूमो गाड़ी और संसारपुर चौकी प्रभारी की बोलरो गाड़ी में आग भी लगा दी गई। पथराव से संसारपुर चौकी इंचार्ज जितेंद्र यादव, एक अन्य दरोगा, मैलानी थाने के इंस्पेक्टर के हमराही सिपाही अरुण कुमार और सूरज समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के अलावा अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। पीएसी भी बुला ली गई, जिसके बाद देर शाम हालात पर काबू किया जा सका। देर शाम जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button